कोरबा। ट्रक की स्टेपनी चोरी के संदेह में एक ट्रक चालक को बंधक बनाकर मारपीट करने और अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक मालिक सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार देवांगन (33) पोड़ी थाना क्षेत्र के आर्टिसन ब्लॉक वार्ड-05 का निवासी है और ट्रक मालिक विकास कुमार शर्मा के 16 टायर ट्रक में चालक के रूप में कार्यरत है। धर्मेंद्र के अनुसार 19 अप्रैल को वह हेल्पर सन्नार देवांगन के साथ खाली ट्रक लेकर अड़िल जा रहा था। रास्ते में सिल्टौर में गाड़ी लोड करवाई गई। इसी दौरान 22 अप्रैल की रात ट्रक की स्टेपनी चोरी हो गई, जिसकी जानकारी उसने तत्काल मालिक को दे दी थी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 3 मई की सुबह उसे कोरबा रेलवे स्टेशन के पास एक कमरे में ले जाकर स्टेपनी चोरी का आरोप लगाया गया। वहां उसके साथ गाली-गलौज की गई, कपड़े उतरवाकर अपमानित किया गया और बेल्ट, लात-घूंसों से मारपीट की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
धर्मेंद्र ने घटना की जानकारी फोन पर अपनी पत्नी गंगा और बहनोई दिनेश को दी। इसके बाद वह किसी तरह 5 मई की भोर में वहां से निकलकर बस स्टैंड पहुंचा और अपने घर लौट आया। उसी दिन उसने पोड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की होने के कारण पोड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर केस डायरी कोतवाली भेज दी है।
पुलिस ने ट्रक मालिक विकास कुमार शर्मा, मुकुल सहित छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 191(2) और 133 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

