शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार

कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर पंचायत में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात बलिराम मरावी और उनकी पत्नी संगीता मरावी के बीच शराब के लिए रुपए मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले भी अक्सर विवाद होते रहते थे।

शनिवार सुबह संगीता मरावी अपने कमरे में मृत अवस्था में मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं आरोपी पति बलिराम मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।