दक्षिण के शहर से बहुत कुछ सीखा, विशाखापट्टनम भ्रमण से लौटी महिला पत्रकारों ने

विशाखापट्टनम दौरे में पर्यटन, उद्योग और आधुनिक विकास मॉडल को करीब से समझा

कोरबा। कोरबा सहित तीन जिलों की महिला पत्रकारों ने आंध्रप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन एवं सांस्कृतिक शहर विशाखापट्टनम का शैक्षणिक एवं पर्यटन भ्रमण कर वहां के विकास, उद्योग और पर्यटन प्रबंधन को करीब से समझा।

भ्रमण के दौरान महिला पत्रकारों ने बंदरगाह, नमक उत्पादन केंद्र, आइसक्रीम फैक्ट्री सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया और जाना कि दक्षिण भारत के शहर आधुनिकता और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ किस तरह विकास की नई मिसाल पेश कर रहे हैं।

इस विशेष अध्ययन भ्रमण में श्रीमती राजश्री गुप्ते, लालिमा शुक्ला, गीतिका वैष्णव, ममता साहू, कुंती कुमार, निर्मला शर्मा, प्रीति यादव, निशा मसीह, जूही कोरिया एवं सरिता ध्रुव सहित कई महिला पत्रकार शामिल रहीं।

भ्रमण से लौटने के बाद सभी महिला पत्रकारों ने प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।

महिला पत्रकारों ने बताया कि विशाखापट्टनम पहुंचते ही उन्हें प्रकृति और आधुनिक विकास का अद्भुत संगम देखने को मिला। उन्होंने ऋषिकोंडा बीच, डॉ. रामानायडू फिल्म सिटी, कॉफी प्लांटेशन, कैलाशगिरी, ग्लास ब्रिज और भगवान भोलेनाथ के 65 फीट ऊंचे त्रिशूल का भ्रमण किया।

कैलाशगिरी से दिखाई देने वाला समुद्र और शहर का दृश्य सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

भ्रमण के दौरान महिला पत्रकारों ने बॉटनिकल गार्डन सहित अन्य पर्यटन स्थलों का भी अवलोकन किया। उनका कहना था कि इस यात्रा ने उन्हें समाज, संस्कृति, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नए नजरिए से समझने का अवसर दिया।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह केवल शुरुआत है। प्रदेश सरकार पत्रकारों के ज्ञानवर्धन और अनुभव विस्तार के लिए अध्ययन भ्रमण जैसी पहल को आगे भी बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा कि ज्ञान प्राप्त करना सभी का अधिकार है और पत्रकारों को देश के विभिन्न हिस्सों की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलना चाहिए।