मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिखाई हरी झंडी, आधुनिक उपकरणों से लैस चलित प्रयोगशाला करेगी घटनास्थल की जांच
कोरबा। जिले में जटिल और गंभीर अपराधों की वैज्ञानिक तरीके से जांच को मजबूत बनाने के लिए सरकार द्वारा कोरबा पुलिस को फॉरेंसिक मोबाइल वैन उपलब्ध कराई गई है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने हरी झंडी दिखाकर इस वैन को रवाना किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन भारतीय न्याय संहिता 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 2024 से भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू की गई है।
नई व्यवस्था के तहत धारा 176(3) में सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक विशेषज्ञ द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण और भौतिक साक्ष्यों का संग्रह अनिवार्य किया गया है।
मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि यह मोबाइल वैन एक चलित फॉरेंसिक प्रयोगशाला की तरह कार्य करेगी। इसमें ब्लड डिटेक्शन किट, नारकोटिक्स डिटेक्शन किट, बुलेट डिटेक्शन किट सहित कई आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण उपलब्ध हैं।
साथ ही वैन में जीपीएस और जनरेटर जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, जिससे मौके पर ही जांच कार्य प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक संसाधनों के उपयोग से अपराध नियंत्रण, दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी। राज्य सरकार कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, राजेंद्र साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

