बरपाली विद्युत केन्द्र की व्यवस्था पर उठे सवाल,कनिष्ठ अभियंता को हटाने की मांग,जनप्रतिनिधियों ने लिखा पत्र

कोरबा। बरपाली विद्युत वितरण केन्द्र की बदहाल व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है। कार्यपालन अभियंता विद्युत वितरण विभाग कोरबा को पत्र लिखकर कनिष्ठ अभियंता सलोमी टोप्पो को बरपाली वितरण केन्द्र से हटाने की मांग की गई है।

करतला जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष मनोज झा एवं सभापति श्रीमती नीता यादव ने आरोप लगाया है कि सलोमी टोप्पो की नियुक्ति के बाद से बरपाली विद्युत क्षेत्र की व्यवस्था लचर हो गई है। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं कोरबा में निवास करती हैं और उपभोक्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठातीं।

ग्राम पंचायत गिधौरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में भी ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि छोटी-छोटी समस्याओं के कारण घंटों बिजली बंद रहना आम बात हो गई है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि कनिष्ठ अभियंता की निष्क्रियता का असर पूरे विद्युत स्टाफ पर पड़ रहा है। इस मामले को गंभीर मानते हुए जनपद पंचायत करतला में भी उन्हें तत्काल हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया है।

जनप्रतिनिधियों ने विभाग से मांग की है कि बरपाली वितरण केन्द्र में किसी सक्रिय एवं जिम्मेदार कनिष्ठ अभियंता की जल्द नियुक्ति की जाए।