तनावपूर्ण वातावरण में ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं: लखनलाल देवांगन

कोरबा। टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम, इंदिरा स्टेडियम में तीन दिवसीय प्रेरणादायी कार्यक्रम “खुशियों का पासवर्ड” का प्रथम दिवस उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत नृत्य के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में महापौर संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, बीके रुक्मणी, बीके बिंदु सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा, “तनावपूर्ण वातावरण में ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।” उन्होंने मानसिक शांति और खुशहाल जीवन के लिए सकारात्मक सोच एवं आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि खुशियां बाहरी साधनों से नहीं, बल्कि अच्छे विचारों और आत्मिक संतुलन से प्राप्त होती हैं। विधायक प्रेमचंद पटेल ने युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

बीके रुक्मणी एवं बीके बिंदु ने आध्यात्मिक जागरूकता एवं राजयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।

इसके बाद प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. सचिन परब ने “खुशी का खजाना” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जीवन में तनावमुक्त रहने, रिश्तों में मधुरता बनाए रखने और हर परिस्थिति में खुश रहने के सरल उपाय बताए। उनकी प्रभावशाली शैली ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक का मंचन भी किया गया, जिसने समाज को नशे के दुष्परिणामों से दूर रहने का संदेश दिया।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के आगामी दिनों में भी विभिन्न विषयों पर प्रेरणादायी सत्र आयोजित किए जाएंगे।