कोरबा।सुशासन तिहार के अंतर्गत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत लेपरा एवं पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत रामाकछार में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
ग्राम पंचायत लेपरा में आयोजित शिविर में कुल 812 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 65 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
यह शिविर लेपरा, गुरसिंया, मानिकपुर, एतमानगर, पांथा, लालपुर, पचरा, सलिहाभाठा, बांगो, रिगनियां एवं सरभोका सहित 11 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर के लिए आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में माधुरी देवी तंवर, प्रकाशचन्द्र जाखड़, आयुष सिंह तंवर, अंजू भोला गोस्वामी एवं मनोज कुमार बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे शिविरों से शासन की योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ती है और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
शिविर में ग्राम पंचायत लेपरा के छह हितग्राहियों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जीवन प्रताप सिंह और शिवदास महंत को लाभान्वित किया गया। पंचायत विभाग द्वारा सात हितग्राहियों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए।
कृषि विभाग ने सिंचाई सुविधा के लिए तीन किसानों छत्रर प्रताप सिंह, शिवचरण केरकेट्टा एवं मसतराम छिंदमेर को पेट्रोल पंप उपलब्ध कराए। वहीं वन विभाग ने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के छह मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इसी तरह पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत रामाकछार में आयोजित शिविर में कुल 1351 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 255 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया।
शिविर में रामाकछार, सपलवा, पहाड़गांव, बारीउमराव, पटपरा, कपोट और कांजीपानी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
