मांगों की अनदेखी से नाराज वनकर्मियों का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, काली पट्टी लगाकर जताया विरोध

कोरबा।छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के आह्वान पर बिलासपुर संभाग के सभी वनमंडलों में वनकर्मियों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन के प्रथम चरण में 13 मई को वनकर्मियों ने शासकीय कार्य प्रभावित किए बिना काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

वनकर्मियों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है तथा संगठन की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

संघ के संभागीय अध्यक्ष प्रीतम पुराइन ने बताया कि आंदोलन का दूसरा चरण 18 मई को आयोजित होगा। इस दौरान वन संरक्षक बिलासपुर कार्यालय के समक्ष भोजन अवकाश के समय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

कोरबा जिले में आंदोलन के प्रथम चरण के तहत कटघोरा एवं कोरबा वनमंडल के जटगा, कसनिया डिपो, कोरबा, बालको, केंदई, कुदमुरा, पाली और करतला सहित विभिन्न रेंजों में पदस्थ वनकर्मियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया।