कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से विशेष पहल शुरू की गई है। इसके तहत जिले के जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
विशेष रूप से जिन दिव्यांगजनों के हाथ या पैर कटे हुए हैं, उनके लिए माप लेकर विशेष रूप से तैयार किए गए कृत्रिम हाथ और पैर भी प्रदान किए जाएंगे।
इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र दिव्यांगजन अथवा उनके अभिभावकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक हितग्राही 19 मई 2026 तक आवश्यक दस्तावेज संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं।
प्रशासन ने आवेदन जमा करने के लिए विभिन्न केंद्र निर्धारित किए हैं। आवेदक अपने क्षेत्र के वार्ड पार्षद, ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव, नगर पालिक निगम कोरबा एवं उसके सभी जोन कार्यालयों, संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों तथा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत कार्यालयों में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से समय सीमा के भीतर आवेदन जमा कर योजना का लाभ लेने की अपील की है, ताकि समय पर कृत्रिम अंगों का निर्माण और सहायक उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
