दुष्कर्म के दो मामलों में आरोपी फरार, पीड़िताओं ने लगाई न्याय की गुहार

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र में दुष्कर्म के दो मामलों में पुलिस द्वारा अपराध दर्ज किए जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित पक्षों में नाराजगी है। एक मामला कामकाजी युवती से जुड़ा है, जबकि दूसरे मामले में पति से अलग रह रही महिला ने शिकायत दर्ज कराई है।

पहले मामले में तुलसीनगर निवासी नवीन सिंह के खिलाफ युवती ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार सितंबर 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने शादी और रिश्ते का झांसा देकर उसके साथ अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि बाद में आरोपी शादी से मुकर गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

दूसरे मामले में एक विवाहित महिला ने अपने सहकर्मी योगेश राठौर पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति से विवाद के बाद वह अलग रह रही थी और नौकरी के दौरान आरोपी के संपर्क में आई। आरोपी ने भरोसा दिलाकर उसे अपने प्रभाव में लिया और बाद में संबंध बनाए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पक्षों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।