शिविर के बाद भी आवेदन लंबित, करतला सीईओ को शो-कॉज नोटिस; सुशासन तिहार औपचारिक नहीं: कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, मुख्यमंत्री जनदर्शन तथा सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों से सख्ती से कहा कि सुशासन तिहार केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और आमजन के बीच विश्वास व समाधान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिविर संपन्न होने के कई दिनों बाद भी आवेदनों का निराकरण नहीं करने पर जनपद सीईओ करतला को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बिजली बिल सुधार और खराब ट्रांसफार्मर की शिकायतों का 7 दिनों के अंदर निराकरण करने तथा अन्य आवेदनों को 15 दिनों में निपटाने के निर्देश दिए।

सभी एसडीएम को राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक और कृषि विस्तार अधिकारी संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही करने को कहा।

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को अविवादित/विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, वृक्ष कटाई और किसान किताब आदि प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएफओ निशांत कुमार, प्रेमलता यादव, निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।