जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ अध्यक्ष और सदस्यों का धरना, कमीशनखोरी के लगाए आरोप

कोरबा। जिला पंचायत की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं होने और जनप्रतिनिधियों को लंबे समय तक इंतजार कराने के मामले में जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ अध्यक्ष और सदस्यों ने धरना दे दिया। कोरबा में इस प्रकार का यह पहला मामला बताया जा रहा है, जिसकी जानकारी राजधानी तक पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं अन्य सदस्य सोमवार को आयोजित बैठक में मौजूद थे।

बताया गया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी और जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग को भी बुलाया गया था। आरोप है कि सीईओ ने जनप्रतिनिधियों को करीब तीन घंटे तक इंतजार कराया और बैठक में समय पर नहीं पहुंचे।

इससे नाराज अध्यक्ष और सदस्यों ने जिला पंचायत परिसर में धरना शुरू कर दिया। बैठक के दौरान सीईओ पर कमीशनखोरी और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। सदस्यों का कहना था कि लगातार इस प्रकार की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते उन्हें बैठक में बुलाया गया था।

जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनके कार्यों और सुझावों को महत्व नहीं दिया गया तो वे इस्तीफा देने पर भी विचार कर सकते हैं। मामले को लेकर जिला पंचायत और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।