अहिरन नदी में मिला लापता महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खमरिया वैशाली नगर से लापता हुई 24 वर्षीय महिला का शव अहिरन नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार महिला 9 मई की शाम से लापता थी। परिजनों ने उसी दिन शाम करीब 7 बजे कुसमुंडा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान सोमवार सुबह खोड़री बसावट के पास अहिरन नदी में एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।