डिवाइडर से टकराया कोयला लोड ट्रेलर,लगी भीषण आग,चालक ने कूदकर बचाई जान

कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पुराना पहंदा के पास सोमवार देर रात एक कोयला लोड ट्रैलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई। हादसा रात करीब 1:30 बजे का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर कोरबा की ओर से आ रहा था। डिवाइडर से टकराते ही वाहन के अगले हिस्से में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने पूरे फ्रंट हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रेलर का इंजन, टायर और अन्य हिस्से बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद ट्रेलर काफी देर तक जलता रहा। स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं। उनका कहना है कि अंधेरा होने के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

ग्रामीणों ने सड़क पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की है।

हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन चालक के समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।