बालको पुलिस की पहल, 300 ग्रामीण बने ग्राम रक्षा समिति के सदस्य

कोरबा। कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको पुलिस ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया है।

थाना बालको नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगभग 300 महिला और पुरुषों को ग्राम रक्षा समिति का सदस्य बनाया गया।

इस संबंध में मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, थाना प्रभारी युवराज तिवारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों को परिचय पत्र वितरित किए गए। बैठक में ग्रामीणों को गांवों में होने वाले अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्राम रक्षा समितियों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी।

कोरबा पुलिस ने बताया कि आम जनता की सहभागिता से ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।