कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य जारी है, लेकिन प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर शेड निर्माण अधूरा होने से यात्रियों को अब भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच छाया की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है।
रेल प्रशासन द्वारा प्लेटफार्म नंबर 1 की तरह 2 और 3 को भी व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पिछले महीने बंद पड़ी पेयजल व्यवस्था को फिर से शुरू किया गया। साथ ही खराब पड़े दो वाटर कूलरों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया गया है। इससे यात्रियों को ठंडा और सामान्य दोनों प्रकार का पेयजल उपलब्ध होने लगा है।
प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर यात्रियों की सुविधा के लिए 8 स्थानों पर प्याऊ बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक में 4-4 नल लगाए गए हैं। वर्तमान में सभी नलों से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे पहले यात्रियों को पेयजल के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
हालांकि प्लेटफार्म की साफ-सफाई व्यवस्थाको लेकर अब भी शिकायतें बनी हुई हैं। आरोप है कि अनुबंधित ठेकेदार द्वारा नियमित सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिसके कारण प्लेटफार्म और यात्री सीटों पर कोल डस्ट जमा रहता है। यात्रियों को बैठने से पहले सीट साफ करनी पड़ रही है।
रेल प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य जारी है और निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
