भाजपा संगठन बैठक में बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की मासिक जिला संगठन बैठक सोमवार को पंडित दीनदयाल कुंज स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी इसलिए बनी है क्योंकि यहां कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि जिला भाजपा संगठन बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी अनिल केसरवानी ने संगठनात्मक अनुशासन और नियमित संपर्क अभियान पर जोर दिया। वहीं जिला सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि संगठन की मजबूतीनिरंतर संवाद और सक्रियता से आती है।

बैठक में प्रदेश सदस्य अशोक चावलानी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी तथा एमआईसी मेंबर हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।