अटल आवास में गुंडागर्दी से दहशत, कार्रवाई की मांग लेकर कोतवाली पहुंचे लोग

रिजवान अंसारी पर मारपीट, धमकी और महिलाओं से अभद्रता के आरोप, वायरल वीडियो से बढ़ा आक्रोश

कोरबा। तुलसीनगर स्थित अटल आवास में कथित गुंडागर्दी और धमकी से परेशान लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने कोतवाली पहुंचकर रिजवान अंसारी नामक युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि आरोपी की हरकतों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार रिजवान अंसारी लगातार मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता है।

आरोप है कि वह कई बार घरों में घुसकर चाकू दिखाते हुए लोगों को डराता-धमकाता है और दरवाजों को लात मारकर तोड़ने की कोशिश करता है।

इस बीच आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक मकान की छत पर खड़े होकर लोगों पर ईंट फेंकता नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि आरोपी खुलेआम कहता है कि “पुलिस उसकी जेब में है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

महिलाओं ने भी आरोपी पर लड़कियों और महिलाओं से अभद्रता तथा छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी गांजा के नशे में अक्सर उत्पात मचाता है। उसकी गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल है, यहां तक कि सब्जी, दूध और अन्य सामान बेचने वाले भी अटल आवास आने से कतराने लगे हैं।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस को शिकायत देकर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि तुलसीनगर अटल आवास से जुड़ा मामला गंभीर है।

महिलाओं और पुरुषों की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।