बिजली कनेक्शन के लिए अब नहीं काटने पड़ेंगे ऑफिस के चक्कर, घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन

कोरबा। अगर आप नया विद्युत कनेक्शन लगवाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको बार-बार बिजली ऑफिस के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर बैठे पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी और आपके मकान और संबंधित स्थान पर आसानी से बिजली मीटर लग जाएगा।

घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को नई सौगात दी गई है। बिजली विभाग ने नया कनेक्शन लेने के लिए बार-बार दफ्तर जाने से मुक्ति दिलाने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह से सुगम बना दिया है।

इन माध्यमों से कर सकते हैं आवेदन
अब घर बैठे ही कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

1 अप्रैल से लागू हुई नई व्यवस्था
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने उपभोक्ताओं की सेवा में विस्तार करते हुए 1 अप्रैल से नवीन विद्युत कनेक्शनों के आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने की सुविधा प्रारंभ की है। अब लोगों को नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

आवेदन के माध्यम:

· मोर बिजली एप (मोबाइल एप्लिकेशन)
· सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर)
· कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट

भौतिक आवेदन भी होंगे ऑनलाइन पंजीकृत
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की वेबसाइट पर पंजीकृत ऑनलाइन नवीन कनेक्शनों के आवेदनों पर विद्युत कंपनी द्वारा आगामी कार्रवाई संपादित की जाएगी।

ऐसे आवेदक जो आवेदन ऑनलाइन नहीं कर पाते और भौतिक रूप से वितरण केंद्र, जोन व उपसंभाग कार्यालय में प्रस्तुत करते हैं, उनके आवेदनों को ऑनलाइन कनेक्शन संबंधित कार्यालयों के हेल्प डेस्क के लिए जिम्मेदार ऑफिस स्टाफ, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता द्वारा कार्यालय के कंप्यूटर सिस्टम में ऑनलाइन पंजीबद्ध करना होगा।

मोबाइल नंबर से होगा पंजीकरण
आवेदन आवेदक के मोबाइल नंबर से ही ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा।

बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक एके अम्बस्थ ने बताया कि 1 अप्रैल से सभी नवीन विद्युत कनेक्शनों के आवेदन पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण रूपेण ऑनलाइन ही की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन ‘मोर बिजली एप’ व सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से अपना पंजीकरण कराएं।