डीएसपीएम मालगाड़ी फंसी, 3 घंटे ट्रांसपोर्ट नगर-शारदा विहार जाम; सैकड़ों वाहन फंसे

कोरबा।कोरबा जिले में 500 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली डीएसपीएम की मालगाड़ी एक बार फिर ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे फाटक पर अटक गई। इसके कारण शारदा विहार फाटक सहित मुख्य मार्ग और एईसीएल से ट्रांसपोर्ट नगर चौक जाने वाला रास्ता लगभग 3 घंटे तक जाम रहा। इस स्थिति में सैकड़ों गाड़ियां आगे जाने के लिए मशक्कत करती रहीं और लोग छटपटाते रहे।

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदान से कोयला लेकर 60 वेगन वाली मालगाड़ी छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन कंपनी के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर प्लांट को जा रही थी। स्टेशन साइडिंग से आगे जाने का सिग्नल मिलने के बाद शारदा विहार फाटक पार करने के बाद यह ट्रांसपोर्ट नगर क्रॉसिंग पर अटक गई। इस कारण एसईसीएल वाले मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया।

ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ जाने वाले लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग के बगल के रास्ते और मुड़ापार बायपास को चुना, लेकिन वहां भी यातायात के दबाव से जाम की स्थिति बन गई। शारदा विहार मुख्य मार्ग से लेकर पावर हाउस रोड और ट्रांसपोर्ट नगर चौक मुख्य मार्ग भी जाम हो गया। हालात इतने बिगड़े कि सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन इस रास्ते पर फंस गए।

अधिकारियों तक बात पहुंचने पर ट्रैफिक के दो-तीन जवान शारदा विहार फाटक पर तैनात किए गए और कुछ उत्साही युवाओं ने भी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया।

करीब 3 घंटे के लंबे इंतजार के बाद एक्स्ट्रा पावर लगाने के साथ बिजली कंपनी की मालगाड़ी को ट्रांसपोर्ट नगर क्रॉसिंग से आगे बढ़ाना संभव हो सका। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।