सुशासन तिहार का शुभारंभ, मंत्री लखनलाल देवांगन ने सुनी लोगों की समस्या,103 मामलों का हुआ निराकरण

कोरबा। जिले में सुशासन तिहार की शुरुआत कटघोरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत धनरास से हुई। कार्यक्रम के प्रथम दिवस कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

01 मई से 10 जून तक आयोजित इस तिहार के तहत पहले ही दिन 332 में से 103 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में कृषि, मत्स्य, समाज कल्याण, पंचायत, राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता विभागों द्वारा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

मंत्री देवांगन ने ग्रामीणों से शिविर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित हो रही हैं, वहीं राज्य में विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने इसे ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि एक ही स्थान पर सभी विभागों की मौजूदगी से लोगों को सुविधाएं मिल रही हैं।

शिविर में प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।