अधिवक्ता के घर चोरी का खुलासा: 15 लाख के जेवर बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र में अधिवक्ता के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

मामला 19 अप्रैल 2025 का है, जब पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडे अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए ताला तोड़कर घर में रखे लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, जिनमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चैन, चांदी की पायल, करीब 50 हजार रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी।

घटना के बाद थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमित खांडे और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात और नगद राशि बरामद कर ली गई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह, एसआई राम पांडेय और प्रधान आरक्षक गोपाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।