बालकोनगर।वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने पावर डिवीजन में रासायनिक रिसाव (केमिकल स्पिलेज) जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए सफलतापूर्वक मॉक ड्रिल आयोजित की।
यह अभ्यास 1200 मेगावाट यूनिट-3 एवं 4 के केमिकल प्रोसेस यूनिट (सीपीयू) कास्टिक सोडा टैंक क्षेत्र में किया गया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और विभिन्न विभागों के समन्वय की क्षमता का परीक्षण करना था। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में कोरबा जिला प्रशासन, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
अभ्यास के दौरान कास्टिक सोडा टैंक के फ्लैंज से रिसाव की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। रिसाव की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया, जिसके बाद फायर, मेडिकल, सिक्योरिटी और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत स्थिति को नियंत्रित किया।
सफल ऑपरेशन के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा उपायों और प्रतिक्रिया समय का मूल्यांकन किया गया।
डिप्टी डायरेक्टर इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विजय सिंह पोटाई ने बालको की सुरक्षा व्यवस्था, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल औद्योगिक एवं सार्वजनिक सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
बालको के सीईओ एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित मॉक ड्रिल, आधुनिक संसाधनों और मजबूत समन्वय के जरिए कर्मचारियों एवं आसपास के समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बालको प्रतिबद्ध है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
