कोरबा। टी.पी. नगर चौक स्थित यातायात सिग्नल और एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में नगर निगम की सार्वजनिक संपत्ति को करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर यातायात सिग्नल पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिग्नल लाइट, विज्ञापन बोर्ड, काउंटडाउन टाइमर और निगम का सीसीटीवी कैमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद राघव एडवरटाइजिंग कंपनी के कर्मचारी ने चौकी सीएसईबी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन रामपुर थाना व चौकी सीएसईबी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
