केंदईखार बस्ती में एक हफ्ते से जल संकट, 150 घरों में हाहाकार; टैंकर से हो रही आपूर्ति

कोरबा।कोरबा अंचल के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर क्षेत्र अंतर्गत केंदईखार बस्ती में पिछले एक सप्ताह से नल- जलप्रदाय ठप होने के कारण करीब 150 घरों में जल संकट गहरा गया है। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी से लोग परेशान हैं और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

जानकारी के अनुसार अग्रसेन भवन के पास स्थित इस बस्ती में करीब 7 दिनों से जलापूर्ति बाधित है। मजबूरी में लोग नजदीक से गुजर रही एनटीपीसी की पाइपलाइन के सहारे अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं। हालांकि यह व्यवस्था अस्थायी है और पाइपलाइन की मरम्मत होते ही यह विकल्प भी बंद हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर पार्षद और नगर निगम को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। गर्मी के मौसम में पानी की बढ़ती जरूरत के बीच यह समस्या और गंभीर हो गई है।

नगर निगम के जलप्रदाय विभाग के अधिकारी राकेश मसीह ने बताया कि दर्री जोन अंतर्गत केंदईखार बस्ती की पाइपलाइन में तकनीकी खराबी के कारण जलापूर्ति बाधित हुई है। सुधार कार्य जारी है और जल्द ही व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।