कोरबा।जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के सामने एक विशाल पीपल का वृक्ष अचानक गिर गया। इस घटना में वहां खड़ी दो कारें और 12 से अधिक दुपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे न्यायालय में कामकाज चल रहा था। इसी दौरान मुख्य गेट के पास खड़ा पुराना पीपल का वृक्ष तेज आवाज के साथ धराशायी हो गया। घटना देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई। पेड़ की मोटी डाल गिरने से वहां से गुजर रही 45 वर्षीय महिला सुनीता बाई के सिर पर लग गई। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल महिला को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया।
घटना में न्यायालय परिसर में खड़ी दो कारें और दर्जनों बाइक-स्कूटी पेड़ के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सिविल लाइन पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। मशीनरी की मदद से गिरे वृक्ष को काटकर हटाया गया और वाहनों को निकाला गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में पेड़ की जड़ें कमजोर होने को गिरने का कारण बताया जा रहा है। न्यायालय परिसर में इस घटना से कामकाज भी कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
