कोरबा।कोल इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में संचालित गेवरा ओपन कास्ट परियोजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में भूमि अधिग्रहण के बदले 754 पात्र भू-स्वामियों को रोजगार प्रदान किया गया है।
कंपनी ने रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को और मजबूत करने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय स्थायी समीक्षा समिति का गठन किया है। यह पहल सुशासन और जवाबदेही के प्रति एसईसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जानकारी के अनुसार, बीते वित्तीय वर्ष में 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया गया, जिसके बदले पात्र परिवारों को कंपनी की नीति अनुसार लाभ दिए जा रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना कंपनी की प्राथमिकता है।
गठित समिति में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर को अध्यक्ष तथा महाप्रबंधक (योजना-परियोजना) और महाप्रबंधक (श्रमशक्ति) को सदस्य बनाया गया है। समिति आवेदनों और दस्तावेजों की जांच, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण तथा आवश्यक अनुशंसा प्रस्तुत करेगी।
एसईसीएल ने स्पष्ट किया है कि हाल के समय में कुछ भ्रामक और आधारहीन शिकायतें भी सामने आई हैं, जिन पर कंपनी आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत है। कंपनी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से सावधान रहें।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर स्थित महाप्रबंधक (भू-राजस्व) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
