कोरबा। बांगो थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर ट्रेलर चालक से लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने चालक को धमकाकर नगदी और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 9500 रुपये लूटे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की रात करीब 2 बजे सलमान अंसारी निवासी गढ़वा अंबिकापुर से कोयला लेकर रायपुर जा रहा था। मोरगा के आगे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और चालक से कागजात मांगते हुए गाली-गलौज करने लगे।
आरोपियों ने चालक को जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन बोलेरो में बैठा लिया और उसके पास से 7000 रुपये नकद, पर्स में रखे 800 रुपये तथा फोन-पे के माध्यम से 1700 रुपये ट्रांसफर करा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना बांगो में अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रौनक सिंह (20) और कुनाल रजक (19) निवासी बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम में से कुछ राशि बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले की आगे जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
