कोरबा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में इस वर्ष कोरबा जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा है। खास बात यह रही कि छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता में बढ़त बनाई है।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 की तुलना में इस बार परिणामों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। हाई स्कूल (10वीं) का परिणाम 74.49 प्रतिशत से बढ़कर 77.58 प्रतिशत हो गया, जबकि हायर सेकेंडरी (12वीं) का परिणाम 80.31 प्रतिशत से बढ़कर 83.48 प्रतिशत तक पहुंच गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर आगे बढ़ें और अपने लक्ष्य को हासिल करें।
हाई स्कूल परीक्षा में 12,691 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 12,439 परीक्षा में शामिल हुए। कुल परिणाम 77.58 प्रतिशत रहा। इसमें बालिकाओं का सफलता प्रतिशत 82.02 रहा, जो बालकों के 71.87 प्रतिशत से काफी अधिक है। प्रथम श्रेणी में 5,351 विद्यार्थियों में से 3,487 बालिकाएं शामिल हैं।
वहीं, हायर सेकेंडरी परीक्षा में 9,448 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें कुल 83.48 प्रतिशत परिणाम रहा। यहां भी बालिकाओं ने 87.13 प्रतिशत सफलता दर के साथ बाजी मारी, जबकि बालकों का प्रतिशत 77.87 रहा। प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण 4,802 विद्यार्थियों में 3,351 बालिकाएं शामिल हैं।
परिणामों से स्पष्ट है कि जिले में छात्राओं की शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और मेहनत का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
