‘सही दवा-शुद्ध आहार’ अभियान शुरू, 11 मई तक चलेगी सघन जांच

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले में “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 27 अप्रैल से 11 मई तक पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान का उद्देश्य जिले में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक युक्त दवाओं तथा खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फल-सब्जी दुकानों, चाय व गुपचुप ठेलों, गन्ना रस एवं जूस सेंटर, सॉफ्ट ड्रिंक विक्रेताओं तथा डेयरी उत्पाद निर्माताओं व विक्रेताओं की सख्त जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया है।

अभियान के पहले दिन गुपचुप, चाट, जूस और गन्ना रस विक्रेताओं की जांच कर उन्हें स्वच्छता बनाए रखने, निषिद्ध खाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने तथा केवल फूड-ग्रेड बर्फ इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।

औषधि प्रकोष्ठ के अंतर्गत सहायक औषधि नियंत्रक, औषधि निरीक्षक, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई है। पहले चरण में कोरबा ब्लॉक के कॉस्मेटिक थोक व खुदरा विक्रेताओं की जांच की गई।

व्यापारियों को एक्सपायरी तिथि देखकर सामान बेचने, वैध बिल के साथ खरीदारी करने और अभिलेख संधारित रखने के निर्देश दिए गए।

यह अभियान छह चरणों में संचालित होगा, जिसमें दवा दुकानों, प्रसाधन सामग्री विक्रेताओं, वैक्सीन संधारण करने वाले शासकीय व निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही कोटपा के तहत चालानी कार्रवाई, नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक और जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जनस्वास्थ्य सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत दीपक ट्रेडर्स, वृंदावन एजेंसी, कन्हैया एजेंसी, खूबसूरत कॉस्मेटिक शॉप, श्रुति श्रृंगार, जी महासेल, इंडिया सेल, संजरी बैंगल्स और मोहन्नम एजेंसी सहित कई प्रतिष्ठानों में जांच की गई।