भारतमाला मार्ग पर बदमाशों ने कार पर किया पथराव, युवती का कॉर्निया क्षतिग्रस्त, बिलासपुर रेफर, चालक की सूझबूझ से बची जान

कोरबा।जिले के भारतमाला मार्ग पर बदमाशों ने एक चलती कार पर पथराव कर एक युवती को घायल कर दिया। बलौदा-तरदा मार्ग पर हुई इस घटना में पीड़िता का कॉर्निया क्षतिग्रस्त होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि कार चालक की सूझबूझ से अन्य सवारों को सुरक्षित बचा लिया गया।

उरगा पुलिस थाना के अंतर्गत यह घटना भारतमाला सड़क पर हुई। सुरजीत सिंह का परिवार कार पर सफर कर रहा था, तभी पथराव शुरू हो गया। एक बड़ा पत्थर कार के शीशे से टकराकर अंदर बैठी युवती की आंख में जा लगा, जिससे उसे गंभीर चोट आई।

घायल युवती को तुरंत कोरबा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरूआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। आंख में गंभीर चोट के कारण कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हमले के दौरान कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और सीधे मौके से निकल गया। इससे कार में सवार अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और बदमाशों की लूट की योजना नाकाम हो गई।

घटना में घायल युवती की पहचान मेघा सिंह के रूप में हुई है, जो कोरबा सीएसपी के रीडर की रिश्तेदार है। वाहन में मेघा के पति सुरजीत सिंह, सास विमला सिंह और बेटी निष्ठा सिंह भी सवार थे।

घटना के बाद परिवार सीधे अस्पताल पहुंचा, जहां मेघा सिंह का इलाज शुरू किया गया। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने उरगा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में निजी अस्पताल प्रबंधन ने सीएसईबी चौकी पुलिस को मेमो सौंपा है।