कोरबा। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। बाजारों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बढ़ते विद्युत लोड तथा पुरानी वायरिंग के कारण खतरा और भी बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन ने व्यापारियों से सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।
योगेश जैन ने कहा कि गर्मी के मौसम में एसी, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अधिक उपयोग से बिजली की खपत कई गुना बढ़ जाती है। यदि पुराने या कमजोर वायर पर अधिक लोड डाला जाए तो वायर ओवरहीट होकर फट सकते हैं, जिससे आग लगने की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने व्यापारियों को सलाह दी कि एसी जैसे भारी उपकरणों के लिए अलग से नई और मजबूत वायरिंग कराई जाए। साथ ही वायरिंग में अनावश्यक जोड़ नहीं रखें, क्योंकि ढीले या असुरक्षित जोड़ शॉर्ट सर्किट और आगजनी की बड़ी वजह बनते हैं।
चेंबर अध्यक्ष ने सभी दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों में अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखने और समय-समय पर उसे रिचार्ज कराने की अपील की। इसके अलावा बिजली की वायरिंग, स्विच बोर्ड और अन्य उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा ओवरलोडिंग से बचने की सलाह दी गई।
योगेश जैन ने कहा कि समय रहते थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़े हादसों को रोका जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अपने प्रतिष्ठानों में आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
