आजादी के 78 साल बाद भी नहीं बना पुल, बरसात में गांव का संपर्क टूट जाता है, स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

कोरबा।पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में विकास के दावे आज भी वास्तविकता से बहुत दूर नजर आ रहे हैं। स्वाधीनता के अमृत काल के बावजूद बहुत सारे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। पुटुवा गांव में दो क्षेत्रों को जोड़ने के लिए नदी पर पुल निर्माण का काम ना तो मध्य प्रदेश के समय हो सका और ना ही अमृत काल में। यहां के लोगों का सवाल है कि आखिर उनके यहां सुशासन कब आएगा।

कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पुटुवा में धवाई टिकरा और डुगुपारा को जोड़ने वाला एकमात्र पुल आज तक नहीं बन सका है। बरसात के दिनों में इस नाले में तेज बहाव और बाढ़ की स्थिति बन जाती है, जिससे गांव का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है।

सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ता है, जो पुल के अभाव में स्कूल नहीं जा पाते और उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से पुल निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के न होने के कारण कई प्रकार की परेशानियां उनके सामने बनी हुई हैं। पुल की कमी से विद्यार्थी स्कूल तक नहीं पहुंच पाते। दूसरे कामकाज पर भी असर पड़ता है, जबकि किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने के लिए सोचना पड़ जाता है। बारिश का मौसम फिर क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ाने के लिए उनके सामने उपस्थित होने वाला है।

छात्रों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से कहा है कि जल्द से जल्द पुल निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि उन्हें हर साल होने वाली इस समस्या से राहत मिल सके।