कोरबा।भारतमाला मुख्य मार्ग पर उरगा गुमिया के पास शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आईसीआईसीआई बैंक के एक कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण कार अनियंत्रित होकर उनसे जा भिड़ी।
मृतक की पहचान प्रज्वल राठौर (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थे। वे मूल रूप से सक्ती जिले के पासिद (सुआ डेरा) निवासी थे और पिछले कई वर्षों से कोरबा में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार प्रज्वल राठौर किसी परिचित को देखने रायपुर अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान भारतमाला मार्ग पर अचानक एक मवेशी वाहन के सामने आ गया, जिससे कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण प्रज्वल राठौर की जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस हादसे के बाद मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या एक बार फिर सामने आ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
