डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरा उद्योग मंत्री व महापौर ने, 30 अप्रैल तक सभी नागरिक करें यह काम

कोरबा। जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना अभियान को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने-अपने मोबाइल से डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर आमजन से इसमें भागीदारी की अपील की।


मंत्री श्री देवांगन ने कोहड़िया स्थित निवास पर तथा महापौर श्रीमती राजपूत ने राताखार बस्ती स्थित अपने निवास पर स्वयं डिजिटल फॉर्म भरते हुए नागरिकों से कहा कि 30 अप्रैल 2026 तक अपने मोबाइल से स्व-गणना पत्रक अवश्य भरें।

इसके बाद 1 मई से शासन द्वारा नियुक्त और प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर पहुंचकर भरे गए पत्रकों का सत्यापन करेंगे तथा मकान सूचीकरण एवं विवरण दर्ज करेंगे।

बताया गया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिकों द्वारा डिजिटल स्व-गणना की जा रही है। इसके बाद 1 मई से 30 मई तक प्रगणक मकानों की गणना, सूचीकरण और आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।

मंत्री और महापौर ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने की सुविधा से प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनी है।


33 बिंदुओं पर मांगी जाएगी जानकारी
डिजिटल स्व-गणना पत्रक में कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज करनी होगी। इनमें भवन और मकान नंबर, मकान की दीवार, छत व फर्श की सामग्री, मकान का उपयोग, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार प्रमुख का नाम व लिंग, अनुसूचित जाति/जनजाति की जानकारी, कमरों की संख्या, विवाहित दंपतियों की संख्या, पेयजल स्रोत, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोईघर, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, ईंधन, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप, मोबाइल फोन, साइकिल, मोटरसाइकिल, कार आदि से जुड़ी जानकारी शामिल है।

प्रशासन ने नागरिकों से समय सीमा के भीतर डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर जनगणना अभियान को सफल बनाने की अपील की है।