कोरबा।जिले में खनिज माफियाओं पर लगातार नकेल कसी जा रही है। इसी क्रम में जिला खनिज जांच दल ने ग्राम कछार, तहसील अजगरबहार में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंट मशीन को मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया।
हसदेव नदी से तस्करों द्वारा रेत खनन कर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थी।
प्रशासन की टीम को सूचना मिली थी कि कछार में हसदेव नदी के बड़े हिस्से में कई लोगों द्वारा अवैध रूप से रेत खनन किया जा रहा है। रोजाना काफी मात्रा में रेत आसपास में खपाई जा रही थी।
सूचना प्राप्त होने पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उत्खनन गतिविधियों की पुष्टि की और मशीनरी को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। वहां देखा गया कि चेन माउंट मशीन के जरिए खनन कार्य किया जा रहा था। मौके पर कुछ लोग थे जो भाग निकले।
प्रशासन ने माइनिंग एक्ट की धाराओं के तहत चेन माउंट मशीन सहित अन्य सामानों को जब्त कर लिया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग एवं जांच दल पूरे जिले में नियमित रूप से निरीक्षण कर रहे हैं और जहां भी अनियमितताएं पाई जा रही हैं, वहां तत्काल जब्ती एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनन की किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
