राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा में खेलेंगे रुद्राक्ष, केवी-2 एनटीपीसी के छात्रों ने बढ़ाया मान

कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा के छात्र रुद्राक्ष पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है।

रुद्राक्ष ने केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग द्वारा आयोजित 55वीं संभाग स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया। अंडर-14 आयु वर्ग की बैडमिंटन स्पर्धा में उन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। अब वे इसी वर्ष केरल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

विद्यालय के प्राचार्य एस.के. साहू के प्रोत्साहन और खेल शिक्षक अस्मित कुमार के मार्गदर्शन में रुद्राक्ष ने यह सफलता हासिल की। रुद्राक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एनटीपीसी जमनीपाली शाखा की प्रभारी शाखा प्रबंधक श्रीमती नेहा पांडेय के सुपुत्र हैं।

वहीं केंद्रीय विद्यालय-2 एनटीपीसी की छात्रा अन्वेषा निर्मलकर ने भी बालिका वर्ग में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं दी हैं।