कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड ने अधिकारी भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में व्यापक बदलाव करते हुए नई कैडर नीति लागू की है। इस संशोधन में चिकित्सा संवर्ग को विशेष राहत दी गई है, जबकि अन्य संवर्गों में भी पदनाम और पदोन्नति प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब जीडीएमओ (जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर) और बिना अनुभव वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों की सीधी भर्ती ई-2 ग्रेड में की जाएगी। वहीं तीन वर्ष अनुभव रखने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों को सीधे ई-3 ग्रेड में नियुक्ति मिलेगी।
गैर-चिकित्सा संवर्ग के लिए भर्ती ई-1 ग्रेड से होगी, जिसका वेतनमान 60 हजार से 1.80 लाख रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं चिकित्सा क्षेत्र में ई-2 और ई-3 ग्रेड के लिए वेतनमान 70 हजार से 2.20 लाख रुपए तक रहेगा।
कंपनी ने पदनामों में भी बदलाव किया है। पहले वर्ष नियुक्त अधिकारियों को प्रबंधन प्रशिक्षु कहा जाएगा, जबकि दूसरे वर्ष से उन्हें अधिकारी का दर्जा मिलेगा। ई-2 ग्रेड में कार्यरत अधिकारियों को अब वरिष्ठ अधिकारी कहा जाएगा।
पदोन्नति के लिए न्यूनतम सेवा अवधि भी तय की गई है। ई-1 से ई-2 ग्रेड में पदोन्नति हेतु कम से कम तीन वर्ष की सेवा अनिवार्य होगी, जिसमें प्रशिक्षण अवधि भी शामिल रहेगी। इसी तरह ई-2 से ई-3 ग्रेड में पदोन्नति के लिए भी तीन वर्ष सेवा जरूरी होगी।
कोल इंडिया के इस फैसले को कर्मचारियों और अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई नीति से भर्ती प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होने के साथ योग्य अधिकारियों और चिकित्सकों को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
