कोरबा । कोरबा-पूर्व स्थित सीएसईबी कॉलोनी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब आवास नंबर SE/-303 के पास खड़ा विशाल सरई का पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ गिरने से वहां बना वाहन पार्किंग शेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं पेड़ का कुछ हिस्सा सड़क पर फैल जाने से कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा।
घटना के समय स्थल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा कुछ देर पहले या बाद में होता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। संबंधित स्थान कॉलोनी का व्यस्त इलाका है, जहां प्रतिदिन लोगों की आवाजाही और वाहनों की पार्किंग रहती है।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है। जनदर्शन में भी यह मुद्दा उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मानसून के नजदीक आते ही पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है। हर वर्ष आंधी-तूफान के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे रहवासियों में भय बना हुआ है।
वार्ड पार्षद राकेश वर्मा ने घटना पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से खतरनाक पेड़ों की छंटाई और हटाने की मांग की है। कॉलोनीवासियों ने भी प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
