कोरबा-बालकोनगर। बालको थाना पुलिस ने परसाभाठा क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी रामकुमार साहू ने बालको थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 अप्रैल की रात अज्ञात चोर उसके परसाभाठा स्थित मकान में घुस गए। चोरों ने किचन में रखा इंडियन गैस सिलेंडर और बच्चों की छोटी साइकिल चोरी कर ली।
इसके बाद पड़ोसी तुष्यंत कुमार साहू के घर के आंगन का दरवाजा खोलकर वहां रखा किर्लोस्कर कंपनी का छोटा टुल्लू पंप, इंडियन गैस सिलेंडर तथा एक सिल्वर की सीढ़ी भी चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन युवक चोरी करते नजर आए।
संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मुख्य आरोपी मनोज साहू उर्फ मोनू यादव ने चोरी का सामान अपने घर में छिपाकर रखना बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके घर से सामान बरामद कर जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी मनोज यादव उर्फ मोनू यादव एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
