कोरबा। भीषण गर्मी को देखते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने शहरवासियों से पानी की बचत करने और नल कनेक्शन में टुल्लू पंप न लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जल की एक-एक बूंद कीमती है, इसलिए पानी का दुरुपयोग रोकना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
महापौर ने कहा कि कई क्षेत्रों से शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ लोग अपने घरों के नल कनेक्शन में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींच रहे हैं। इससे पड़ोसी घरों और लाइन के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता तथा जल दबाव कम हो जाता है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि घर की टंकियां और बर्तन भर जाने के बाद नलों को तुरंत बंद करें, ताकि पानी व्यर्थ न बहे। छतों पर रखी पानी की टंकियों में स्टॉपर लगाने की भी सलाह दी गई है।
महापौर ने बताया कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा गर्मी के मौसम में दोनों समय नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है, ताकि शहरवासियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने चेतावनी दी कि नल कनेक्शन में टुल्लू पंप लगाने वालों के खिलाफ निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। ऐसे में नागरिक नियमों का पालन करें और निगम की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
