कोरबा । रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री पर पीने के पानी की सुविधा, वाशरूम, टॉयलेट-बाथरूम की सुविधा के साथ ही व्यवस्थित अनारक्षित टिकट घर का निर्माण कराया गया था। यात्रियों को टिकट के लिए मुख्य द्वार पर न जाना पड़े, इसलिए 3 काउंटर वाला टिकट घर बनाया गया था। टिकट घर के सामने फ्लोरिंग की गई थी, ताकि बारिश के समय कीचड़ से लोगों को परेशानी न हो।
जमीन विवाद के कारण सब तबाह
जमीन विवाद के कारण अब वहां केवल टिकट घर ही नजर आता है। बाकी सुविधाएं बंद सी हो गई हैं। पीने के पानी के नल, टाइल्स आदि तो वर्षों पहले ही चोरी हो गए। अब वहां सुविधा के नाम पर यात्रियों को उस रास्ते स्टेशन पहुंचने का मार्ग ही रह गया है।
एसईसीएल की साइडिंग ने बढ़ाई परेशानी
जानकारी के अनुसार सेकेंड एंट्री खुलने के कुछ वर्ष तक सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद एसईसीएल प्रबंधन ने कोल डिस्पैच के लिए साइडिंग शुरू कर दी। पहले एक तरफ साइडिंग खुली, फिर दूसरी ओर भी खुल गई। सेकेंड एंट्री के बगल से गुजरने वाली बाईपास सड़क की मरम्मत नहीं होने से स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है।
कोयले की धूल से पटा क्षेत्र
उस पर हमेशा भारी वाहन कोयला लेकर दौड़ते हैं, जिससे पहले से परेशान यात्रियों को साइडिंग खुलने के बाद दोहरी परेशानी होने लगी है। परिणाम यह हुआ है कि पूरा क्षेत्र कोल डस्ट से पटा रहता है। इसे रोकने के लिए नाममात्र का पानी छिड़काव होता है।
1 जून 2016 को हुआ था लोकार्पण
रेलवे स्टेशन में मानिकपुर पोखरी की ओर सेकेंड एंट्री का लोकार्पण 1 जून 2016 को हुआ था। सेकेंड एंट्री शहर की आधी से अधिक आबादी के लोगों को स्टेशन आने-जाने में होने वाली परेशानियों को कम करने के उद्देश्य से बनाई गई थी।
रेल प्रबंधन नहीं कर रहा पहल
तब जिन सुविधाओं को उपलब्ध कराया गया था, वे अब नहीं हैं। न ही सुविधाएं बढ़ाने के लिए रेल प्रबंधन कोई पहल कर रहा है। स्थिति यह है कि जिस किसी भी हालत में है, उसी हालत में यात्रियों को उस रास्ते का उपयोग करने के लिए विवश किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
