कोरबा/कुसमुंडा। कोयला मजदूर सभा एचएमएस कुसमुंडा क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय संयुक्त सलाहकार समिति सदस्य सुरजीत सिंह (हैप्पी) ने अपने पद से दिए गए इस्तीफे के पीछे के कारण सार्वजनिक करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 को उन्होंने संगठन में व्याप्त असंतोष, आर्थिक अनियमितताओं और आपसी तालमेल की कमी के चलते पद छोड़ने का निर्णय लिया था।
सुरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय महामंत्री के साथ उनका तालमेल नहीं बन पा रहा था और मजदूर हितों के कार्यों में पैसों की मांग की जाती थी। उन्होंने यह भी कहा कि यूनियन फंड का उपयोग व्यक्तिगत जरूरतों के लिए किया जा रहा था, जिसका उन्होंने कई बार विरोध किया।
उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने संगठन के खर्चों पर रोक लगाने और पारदर्शिता की बात उठाई, तो उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया। शीर्ष नेतृत्व को भी इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि मजदूरों की गाढ़ी कमाई का पैसा मजदूर हित में खर्च होने के बजाय अन्य कार्यों में लगाया जा रहा था। इससे वे बेहद आहत हुए और ऐसे माहौल में संगठन में बने रहना उचित नहीं समझा।
सुरजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा मजदूरों के हक और सम्मान के लिए आवाज उठाई, लेकिन संगठन में कुछ लोगों का उद्देश्य केवल निजी लाभ कमाना रह गया है। इसी कारण उन्होंने पद छोड़कर अलग होने का फैसला लिया।
उन्होंने कुसमुंडा क्षेत्र के मजदूरों से कहा कि वे सच को समझें और अपने हितों के लिए सजग रहें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
