हाथियों की निगरानी के लिए हाईवे पर लगेंगे कैमरे, कटघोरा वन मंडल की नई पहल

कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए कटघोरा वन मंडल ने प्रमुख मार्गों पर निगरानी कैमरे लगाने की योजना बनाई है। हाथियों के अचानक सड़क पर पहुंचने से कई बार यातायात प्रभावित होता है और राहगीरों के साथ वन अमले को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वन विभाग द्वारा ग्राम कापा नवापारा, रोदे तथा पसान रेंज के मुख्य मार्गों पर कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों के माध्यम से हाथियों की गतिविधियों की समय रहते जानकारी मिल सकेगी, जिससे लोगों को पहले से सतर्क किया जा सकेगा। साथ ही वन अमला भी हाथियों की मूवमेंट के अनुसार अलर्ट रहेगा।

जानकारी के अनुसार कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में वर्तमान में 49 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें एक दंतैल हाथी अकेला घूम रहा है, जबकि शेष हाथी जटगा रेंज के जंगलों में मौजूद हैं।

इधर कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज में घूम रहे दंतैल हाथी ने गीतकुंवारी गांव में छह किसानों की धान फसल को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने सुबह खेत पहुंचकर नुकसान देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। वहीं कटघोरा वन मंडल का दंतैल हाथी केंदई रेंज के कोरबी क्षेत्र की ओर बढ़ गया है।

वन विभाग ने सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण हाथी इन दिनों नदी-नालों के किनारे अधिक समय बिता रहे हैं, जहां आसपास धान की फसल भी लगी हुई है।