कोरबा।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल के द्वारा आयोजित कृषि उपज मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को कोरबा जिले में संपन्न हुई। मंडल के नियंत्रक के आदेश अनुसार सभी प्रकार के नियम का पालन परीक्षा में कराया गया।
कोरबा जिले में इस परीक्षा के लिए 32 केंद्र बनाए गए थे, जहां पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्र से 9790 उच्च शिक्षित अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। व्यावसायिक परीक्षा मंडल की व्यवस्था के अंतर्गत कोरबा नगर और आसपास के विभिन्न सरकारी और निजी कालेज सहित हायर सेकंडरी विद्यालय को इस परीक्षा का केंद्र बनाया गया।
परीक्षा के सहायक नोडल ऑफिसर एचआर मिरेन्द्र ने बताया कि दोपहर को नियत समय सारणी के अंतर्गत परीक्षा का आयोजन किया गया। निर्धारित जांच प्रक्रिया के बाद अभ्यर्थियों को उनकी जगह उपलब्ध कराई गई।
एक शिफ्ट में संपन्न हुई इस परीक्षा में कल रजिस्टर्ड संख्या के विरुद्ध 6583 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यह संख्या कुल पंजीकरण का 66.7% था। जबकि 3207 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल नहीं हुए। अर्थात लगभग 33% अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने की मानसिकता से खुद को दूर रखा।
कोरबा जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई और सभी सुरक्षा नियमों का समुचित रूप से पालन कराया गया।
सरकारी सेक्टर में जाने की ललक
प्रतिस्पर्धा के युग में आज भी सरकारी नौकरी का क्रेज शिक्षित युवाओं के बीच अच्छा-खासा है। इसके पीछे अच्छे वेतन के साथ-साथ छुट्टी और दूसरी सुविधाओं का अपना अलग आकर्षण है। इन सबसे अलग हटकर रोजगार की गारंटी और सुरक्षित भविष्य युवाओं को सरकारी नौकरी में आने के लिए प्रेरित करता है।
कोरबा जिले में निजी क्षेत्र की कंपनियों की उपस्थिति के बावजूद सरकार की ओर से आयोजित हर परीक्षा में सीमित पदों के बावजूद युवाओं की ज्यादा भागीदारी दर्शाती है कि उन्हें हर हाल में सरकारी नौकरी चाहिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
