एचएमएस में बढ़ा अंदरूनी विवाद, महामंत्री पर मनमानी नियुक्तियों का आरोप

कोरबा।श्रम दिवस से पहले एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) के भीतर विवाद गहरा गया है।

गेवरा-दीपका क्षेत्र और सीईडब्ल्यूएस गेवरा के पदाधिकारियों ने संगठन के महामंत्री नाथूलाल पांडेय पर मनमानी करते हुए असंवैधानिक तरीके से प्रभारियों की नियुक्ति करने का आरोप लगाया है।

गेवरा में केंद्रीय अध्यक्ष रेशमलाल यादव की मौजूदगी में आयोजित बैठक में यह मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया गया।

स्थानीय पदाधिकारियों ने पंजीयक अधिकारी (व्यवसायिक संघ), नया रायपुर को ज्ञापन सौंपकर कहा कि महामंत्री द्वारा 8 अप्रैल 2026 को जारी पत्र के माध्यम से एसईसीएल के सभी क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

विरोध कर रहे पदाधिकारियों का कहना है कि कोयला मजदूर सभा के संविधान में “प्रभारी” पद का कोई प्रावधान नहीं है। ऐसे में यह नियुक्तियां संगठन के नियमों और संविधान का सीधा उल्लंघन हैं। साथ ही आरोप लगाया गया कि इन नियुक्तियों के लिए किसी इकाई से सलाह-मशविरा नहीं किया गया और न ही किसी स्तर पर अनुमोदन लिया गया।

आदेश निरस्त करने की मांग
गेवरा-दीपका क्षेत्र के सदस्यों ने मांग की है कि महामंत्री द्वारा जारी आदेश तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि संगठन की कार्यप्रणाली पारदर्शी और सुचारू रूप से चल सके।

श्रम दिवस से पहले बढ़ी सियासी गर्मी
श्रम दिवस से पहले संगठन के भीतर उठे इस विवाद ने एचएमएस की आंतरिक राजनीति को गरमा दिया है। आने वाले दिनों में इस मामले पर और तनातनी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।