सूने मकान में लाखों की चोरी, टीवी-नकदी समेत जेवरात ले उड़े चोर

कोरबा।कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग स्थित उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम छातापाठ में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गया हुआ था। वारदात के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और टीवी, इंडक्शन चूल्हा, लगभग 30 तोला चांदी की पायल की एक जोड़ी, तीन लॉकेट तथा 80 हजार से 1 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।

जब परिवार वापस लौटा तो घर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

लगातार चोरियों से दहशत में ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि छातापाठ गांव में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई घरों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। लगातार वारदातों से गांववासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित परिवार की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।