ज्ञानभारतम अभियान में कोरबा की बड़ी उपलब्धि, 575 पांडुलिपियां हुईं अपलोड

कोरबा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ज्ञानभारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के तहत कोरबा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 575 पांडुलिपियों को ज्ञानभारतम ऐप पर सफलतापूर्वक अपलोड किया जा चुका है।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के तीन प्रमुख स्थलों का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है।

अभियान के बेहतर संचालन के लिए जिला स्तरीय एवं अनुभाग स्तरीय समितियों का गठन किया गया है। साथ ही सुपरवाइजर्स और सर्वेक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण का पहला चरण भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं वालंटियर्स को प्रोत्साहन स्वरूप मोमेंटो और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज तथा ज्ञानभारतम मिशन के जिला समन्वयक एवं प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे।