पीजी कॉलेज के पास केबल चोरी का खुलासा, खरीदार समेत चार आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। सिविल लाइन पुलिस ने केबल वायर चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें तीन चोरी करने वाले और एक चोरी का सामान खरीदने वाला शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

थाना प्रभारी के अनुसार पीजी कॉलेज के पास से कुछ दिन पहले केबल वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अटल आवास खरमोरा निवासी गज्जू सांडु, चंदन गुप्ता और दिलचंद आदिले को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि चोरी का सामान बुधवारी स्थित गणेश पंडाल निवासी पुरुषोत्तम देवांगन को बेच दिया गया है।

इसके बाद पुलिस ने खरीदार पुरुषोत्तम देवांगन को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से संबंधित सामान बरामद कर लिया।

चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।