24 अप्रैल को होगा सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य दर्शन, सुनाई जाएगी गौरवगाथा

कोरबा। ओपन थिएटर मैदान में 24 अप्रैल को सोमनाथ ज्योर्तिलिंग के दिव्य दर्शन के साथ सोमनाथ की अनकही कथा का प्रसारण होगा। शाम 6 से 9 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।

आर्ट ऑफ लिविंग कर रहा है आयोजन
आर्ट ऑफ लिविंग इसका आयोजक है। बताया गया कि यहां पर श्रद्धालुओं को दिव्य शिवलिंग के दर्शन, ध्यान, सत्संग एवं आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ प्राप्त होगा।

आज प्रेस कांफ्रेंस में मेदनी मिश्रा, श्याम अग्रवाल, अशोक तिवारी, अमित चौबे ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक नहीं बल्कि लोगों को आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति से जोड़ने का मौका दे रहा है।

सोमनाथ की गौरवगाथा और संघर्ष की कहानी
यहां पर सोमनाथ की गौरवगाथा, संघर्ष, पुनर्स्थापना व सनातन चेतना की प्रेरक यात्रा को जानने का मौका मिलेगा। बताया गया कि सोमनाथ अनादि काल से श्रद्धा, शक्ति और शिवत्व का प्रतीक रहा है।

दिव्य शिवलिंग पहली बार पावन धरती पर
आयोजन समिति ने बताया कि दिव्य शिवलिंग पहली बार पावन धरती पर दर्शन के लिए लाया जा रहा है। कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण, ध्यान सत्र एवं सामूहिक प्रार्थना को भी शामिल किया गया है।

श्रद्धालुओं से अपील
लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ओपन थिएटर पहुंचे और इस श्रेष्ठ आयोजन से जुड़ें।